बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। बिजली दरों में हुई वृद्धि के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में धरना दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग विद्युत दरों में हुई वृद्धि अविलंब वापस लेने की मांग कर रहे थे। बाद में लोगों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एएसडीएम को सौंपकर धरना समाप्त किया।
सपा जिलाध्यक्ष मुहम्मद इलियास अंसारी की अगुवाई में जिला महासचिव शुकरुल्लाह अंसारी, जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह, हीरालाल प्रजापति, कार्यालय प्रभारी चंद्रशेखर तिवारी, संजय यादव, सुरेश यादव, मोहम्मद आलम, बालकृष्ण मिश्र, उग्रसेन यादव, हाजी दोस्त मुहम्मद, पप्पू अंसारी सहित कई लोग बृहस्पतिवार को दिन के करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी और अब विद्युत दरों में बेतहाशा वृद्धि करके भाजपा सरकार ने हर तबके की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार के नौ माह पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन अब तक जनता को राहत देने वाला कोई फैसला नहीं हुआ। सपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने के लिए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसके बाद धरना समाप्त किया गया। धरने में वीरेंद्र नाथ तिवारी, शाहजहां हुसैन, चंदन दुबे, जावेद खान, पंकज सहित कई लोग शामिल थे।