कसया। महंत अवेद्यनाथ नगर (सिसवा कुटी) परिसर में नगरपालिका से लगवाया गया आरओ प्लांट खराब हो गया है। वार्ड के लोगों ने खराब पड़े आरओ प्लांट को बनवाने की मांग की है। इस आरओ प्लांट से डुमरी, सिसवा, अनिरुद्धवा, खेदनी, बटेसरा सहित दूर-दूर के लोग बड़े-बड़े पात्रों में ठंडा पानी निशुल्क ले जाते थे। गर्मी के मौसम में प्लांट खराब हो गया है।
विधायक निधि से श्री राधा कृष्ण मठ मंदिर में लगभग एक वर्ष पूर्व लाखों रुपये खर्च कर स्वच्छ व शीतल जल मुहैया कराने के लिए आरओ प्लांट लगवाया गया। मठ के बलिराम दास ने बताया कि दशहरा के समय से तकनीकी खराबी से काफी समय तक प्लांट से पानी के लिए लोग तरसते रहे। यह प्लांट कई बार खराब हुआ और बना। इस समय खराब होने से लोगों को पानी को लेकर परेशान होना पड़ रहा है। सूचना देने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। वार्डवासी गोवर्द्धन प्रसाद गोंड, विजयी प्रसाद, अजय सिंह, वशिष्ट यादव, बलिकरन यादव, राम नरेश कुशवाहा, जयराम सिंह, धनन्जय सिंह, केदार यादव, मन मोहन गोंड, सत्य प्रकाश, अमित सिंह, भोलू सिंह आदि ने आरओ प्लांट ठीक कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में ईओ शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है उसको बहुत जल्द ही सही करा दिया जाएगा।