बनकटा बाज़ार। विकास खण्ड के भट्ठही दरियाव टोला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को समाजसेवी शंभू प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में घरों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार को हटवाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे अनशन करने को भी तैयार हैं। धरना दे रहे ग्रामीणों का आरोप है कि उनके ग्राम सभा के बीचोंबीच से 11 हजार वोल्ट का तार गुजरता है, जो करीब तीन दर्जन घरों की छतों के पास से होकर जा रहा है। एसडीओ विद्युत राहुल कुमार द्विवेदी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। अगर हाई टेंशन तार मकानों के ऊपर से गुजरा है तो मकान बाद में बने होंगे। फिर भी जो संभव होगा, वह कराया जाएगा। धरना प्रदर्शन में इजरायल अंसारी, लक्ष्मण प्रसाद, सूर्यदेव, बनारसी मौजूद थे।