पडरौना। छितौनी-तमकुही रेल परियोजना चलाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मंगलवार की देर शाम सांसद की अगुवाई में केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात की। इन लोगों ने बंद पड़ी छितौनी-तमकुही रेल परियोजना शुरु कराने की मांग की। रेल मंत्री ने इस परियोजना को जनहित में बताते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही।
बीते एक पखवाड़े से छितौनी-तमकुही रेल परियोजना चलाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारी यूपी और बिहार के गांव में हस्ताक्षर अभियान चला कर इस परियोजना के पक्ष में सहमति जुटा रहे थे। इस अभियान में इस रेल परियोजनाओं से लाभान्वित होने वाले लोगों ने समर्थन दिया। संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करते हुए सांसद विजय दुबे ने कहा कि यदि यह परियोजना शुरू हो जाती है, तो छितौनी से तमकुहीरोड के बीच यूपी और बिहार के कई उपेक्षित गांवों को संजीवनी मिल जाएगी। इससे क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा। सांसद ने बताया कि रेल मंत्री ने शीघ्र ही इस परियोजना को शुरू कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस मामले को सदन में उठाया चुका हूं। संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि लोगों का हस्ताक्षर युक्त पोस्टर और मांग पत्र रेल मंत्री को दिया गया है। रेल मंत्री के तरफ शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
इस दौरान शैलेश यदुवंशी, राजू मल्ल, मेराज आलम, राजेंद्र अग्रवाल, दिनेश पांडेय, प्रेमलाल गुप्ता, संतोष रौनियार, अजय रौनियार, अमरुल्लाह अंसारी, संजय कुशवाहा, नितेश जायसवाल, हारून आदि मौजूद रहे।