बंद चीनी मिलें चालू कराने की मांग
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। अखिल भारतीय नवनिर्माण पार्टी की तरफ से शनिवार को किसान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने सरकार पर बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू कराने के लिए गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में किसानों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
शनिवार को सुबह करीब 11 बजे जनपद मुख्यालय स्थित बुद्धा पार्क में शुरू हुए इस कार्यक्रम में काफी संख्या में किसान पहुंचे थे। इसमें अखिल भारतीय नवनिर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ललिता कटियार ने कहा कि कुशीनगर जिले में पांच चीनी मिलें कई साल से बंद पड़ी हैं। यहां के गन्ना किसानों को वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा है। ऐसी हालत में उन्हें अपना गन्ना औने-पौने दाम पर बेचना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके लिए सरकार ठोस पहल नहीं करती है तो पार्टी की तरफ से प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गन्ने की तरह धान और गेहूूं की फसलों के लिए सरकार गंभीर नहीं है। प्रशासन भी इस मामले में सक्रियता नहीं दिखा रहा है। धान खरीद के सीजन में भी किसानों को इसे बेचने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
कार्यक्रम में हल्दी, केला, आलू की अच्छी पैदावार के बावजूद उसके भंडारण की व्यवस्था न होने, बिजली दरों में वृद्धि, बेरोजगारी की समस्याओं पर भी चर्चा की गई है।
इस दौरान रामसूरत सिंह, कन्हैया सिंह, डॉ. ओंकार प्रजापति, आदर्श सिंह, रवि मौर्या, डॉ. विजय सेन, जय सिंह, सुशीला विश्वकर्मा, तेज प्रताप सिंह, अनुप कुमार चौधरी, अखंड प्रताप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।