पडरौना। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कुशीनगर की तरफ से बुधवार को डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें गोरखपुर के डॉ. अनुज सरकारी से महंगे इलाज की शिकायत करने पर सिपाही से मारपीट के मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की गई।
परिषद के जिलाध्यक्ष प्रभुनंद उपाध्याय ने डीएम और एसपी को दिए गए ज्ञापन में कहा कि महंगे इलाज की शिकायत करने पर गोरखपुर के डॉ. अनुज सरकारी ने अस्पताल के कर्मचारियों के साथ संतकबीरनगर के आरक्षी पंकज कुमार की पिटाई कर दी। इसके बाद डॉक्टर ने पीड़ित आरक्षी के खिलाफ केस दर्ज करवाकर जेल भिजवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई है। इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान अवधेश राय, आशुतोष दूबे, बलराम गुप्ता, रामकुवर निषाद, अमरेंद्र कुशवाहा, शिवक़ुमार गुप्ता, अनिल कुमार, तूफ़ानीशर्मा, तारीक मुहम्मद, आदि मौजूद रहे।