खड्डा। क्षेत्र से सटे महराजगंज जिले के सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य और बिहार स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर)के जंगलों से भटककर वन्यजीवों के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचने का सिलसिला जारी है।
शुक्रवार को खड्डा क्षेत्र के चमरडीहा गांव के सरेह में एक हिरण को दौड़ते और उछल-कूद करते देखा गया। ग्रामीणों ने इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हिरण काफी देर तक खेतों के बीच इधर-उधर दौड़ता रहा। उसे देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि किसी ने उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की और कुछ देर बाद वह खेतों की ओर निकल गया। गौरतलब है कि एक दिन पहले गुरुवार की शाम इसी क्षेत्र के चमरडीहा गांव के सरेह में गन्ने के खेत से निकले किसी हिंसक वन्यजीव ने एक बकरी पर हमला कर उसे घायल कर दिया था।
ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह वापस खेतों में गुम हो गया। वन क्षेत्र से सटे होने के कारण खड्डा इलाके में अक्सर हिरण, नीलगाय समेत अन्य शाकाहारी वन्यजीव भटककर पहुंच जाते हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार कई बार तेंदुआ जैसे हिंसक जानवर भी इन शाकाहारी जीवों का पीछा करते हुए आबादी के करीब तक आ जाते हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन जाता है।
वहीं, हिरण का स्वच्छंद विचरण करते हुए वायरल हुआ वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है। ग्रामीण इसे जंगल की सुंदरता और वन्यजीवों की मौजूदगी का अनोखा दृश्य बताकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।
रेंजर खड्डा अमित तिवारी बताते हैं कि जंगल नजदीक होने से वन्यजीव अक्सर गांव की ओर आ जाते हैं। लोगों को सतर्क रहना चाहिए।