तमकुहीरोड। तरयासुजान थानाक्षेत्र के मेंहदिया उर्फ सुमही बुजुर्ग गांव के सामने तरयासुजान-तमकुहीरोड मार्ग पर एक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर 50 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के मौजूद लोगों ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़ मौके से भाग निकला।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को मेहदिया उर्फ सुमही बुजुर्ग गांव के सामने तरयासुजान-तमकुहीरोड मार्ग पर पिपरा मुस्तक़िल अगरवा गांव निवासी 50 वर्षीया महिला सुभावती देवी अपने गांव से पैदल आ रही थी। उसी समय पीछे से गन्ना लेकर आ रही ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। गांव के लोग अभी एकत्र होते, उसके पहले ही चालक गाड़ी छोड़ मौके से फरार हो गया। गांव के लोगों ने महिला को इलाज के लिए सीएचसी सेवरही भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गोरखपुर रेफर कर दिया। जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुबेरस्थान थाना के पास सोमवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों बाइकों के चालक घायल हो गए। एक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जबकि दूसरे को सामान्य चोट होने के कारण घर भेज दिया गया। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के बदल पट्टी गांव निवासी बाबूलाल यादव (45) अपने रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। पडरौना-कुबेरस्थान मार्ग पर थाने के ठीक सामने दूसरी ओर से आ रहे मंगलपुर निवासी राजपत की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दोनों बाइकों के चालक घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों इलाज के लिए सीएचसी कुबेरस्थान भेजवाया। जहां बाबूलाल की हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि राजपत को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।