सड़क पर टहल रहे अधेड़ की दुर्घटना की मौत
फोटो
सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घर के बगल में ही रोड पर टहलने जाते थे शिव पासवान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। क्षेत्र के कसया रोड पर बुधवार भोर में टहलने निकले अधेड़ की दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है। एसएचओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। रामकोला में स्टेट बैंक के पास रहने वाले शिव प्रसाद पासवान (50) रोज सुबह टहलने जाते थे। बुधवार भोर में वह घर के पास सड़क पर टहल रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचते। इसके पहले वाहन लेकर चालक भाग निकला। परिवार के लोग उन्हें सीएचसी पर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी मौत हो गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में एसएचओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की तलाश की जा रही है।