झोलाछाप के इलाज से मासूम की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
मझना नाला पुल चौराहे पर झोलाछाप कर रहा था बच्चे का इलाज
अहिरौली बाजार पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के भगवानपुर बुजुर्ग के मझना नाला पुल चौराहे पर शुक्रवार को झोलाछाप के इलाज से सात माह के मासूम की मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने घंटों हंगामा किया। सूचना पर अहिरौली बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
हाटा कोतवाली की ग्राम सभा पिड़रा के भेड़ीहारी टोला निवासी दीपक शर्मा के सात माह के बच्चे की तबीयत शुक्रवार को खराब हुई। परिजन बालक को अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के भगवानपुर बुजुर्ग के मझना नाला के समीप एक झोलाछाप के यहां इलाज के लिए ले गए। इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के चलते मौत हुई है। आक्रोशित परिजनों ने झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एसआई महेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। एसआई ने बताया कि अभी पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।