झुलसी नवविवाहिता की मेडिकल कॉलेज में मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
कसया। थाना क्षेत्र के गांव कुड़वा उर्फ दिलीप नगर के टोला गुरुमिया में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी नवविवाहिता की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शनिवार की रात मौत हो गई। रविवार की सुबह ससुराल के लोग शव लेकर लापता हो गए। घर में ताला बंद है। मृतका के पिता ने दामाद समेत ससुरालियों पर हत्या आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।
देवरिया जिले रामपुर कारखाना थाने के गांव बलुअही निवासी राजू पाठक की पुत्री अंकिता पाठक (19) की शादी 29 जून को गुरुमिया निवासी राजन दुबे के साथ हुई थी। राजू पाठक का कहना है कि शुक्रवार की दोपहर पुत्री के झुलसने की सूचना मिली। वे पहुंचे और इलाज के लिए सीएचसी कसया, फिर जिला अस्पताल और वहां से गोरखपुर मेडिकल कालेज ले गए। शनिवार की रात में इलाज के दौरान अंकिता की मौत हो गई। शव लेकर उसकी ससुराल आए। सुबह दाह संस्कार के लिए पहुंचे तो शव के साथ परिजन भी लापता थे। घर में ताला बंद है। मृतका के पिता ने दामाद सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दे दी है।
एसओ रामअशीष सिंह यादव का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।