मारपीट में घायल बुजुर्ग की मौत, चार लोगों पर केस दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार
रामकोला। थाना क्षेत्र के चंदरपुर टामस टोला में बुधवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही चार लोगों ने बुजुर्ग पर हमला कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को रामकोला सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डाक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनके बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि चंदरपुर टामस टोला निवासी भीमबली (65) बुधवार की शाम दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान बगल के चार लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। भीमबली गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें रामकोला सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के बेटे राम केश्वर प्रसाद की तहरीर पर रामकोला पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसओ केपी सिंह ने बताया कि आरोपी अनिल व रामदीश को गिरफ्तार कर लिया गया है।