ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बालक की मौत
सेवरही। थाना क्षेत्र के गांव दवनहा में मंगलवार की सुबह गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। मामले की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रॉली ट्रैक्टर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
दवनहा गांव निवासी कमरूद्दीन का सात वर्षीय पुत्र तौसीफ दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान उधर से गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गया। घटना की सूचना पर पहुंची सेवरही पुलिस ने गन्ना लदी ट्राली व ट्रैक्टर तथा चालक को थाने भेज दिया। बालक के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सेवरही के एसओ मिथिलेश राय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली पुलिस के कब्जे में है। चालक भी हिरासत में है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।