छपरा-कचहरी पैसेंजर ट्रेन की चपेट से युवक की मौत
तमकुहीरोड। कस्बे में रेलवे स्टेशन के पूर्वी ढाला समपार गेट संख्या-34 पर कप्तानगंज से छपरा कचहरी जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सेवरही पुलिस जरूरी प्रक्रिया पूरी कर ली थी, लेकिन नियमों के अनुसार शव को रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया। रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सेवरही नगर पंचायत के आजाद नगर निवासी 32 वर्षीय अशरफ कुरैशी शुक्रवार को ढाई बजे तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन के पूर्वी ढाला समपार गेट संख्या-34 के आसपास घूम रहे थे। बताया जा रहा है कि दोपहर 2.42 बजे जैसे ट्रेन पहुंची, युवक ट्रेन के सामने आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके चलते ट्रेन कुछ देर तक रेलवे ढाले पर खड़ी रही। हादसे की सूचना रेलवे के उच्चाधिकारियों को दे दी गई।
बताया जाता है कि युवक लीवर की बीमारी से ग्रसित था और उसका इलाज एसपीजीआई लखनऊ में चल रहा था। वह अपने पीछे पत्नी के साथ इसरत कुरैश सात वर्ष, कुमारी खुशी कुरैशी पांच वर्ष और कुमारी यास्मीन कुरैशी तीन वर्ष सहित एक लड़का और दो लड़की को छोड़ गया। इस हादसे की खबर लगते ही पूर्व सभासद लव जायसवाल, सभासद इमरान अजमेरी सहित काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों ने इसकी सूचना सेवरही पुलिस को दे दी। एसआई जीतबहादुर यादव, एसआई दिनेश यादव, एसआई सचिन दिवाकर मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में पूछताछ की। इस घटना के बाद युवक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।