हादसे में घायल बाइक सवार की मौत
पटहेरवा/उजारनाथ। पटेहरिया-पडरौना मार्ग पर सेंदुरिया गांव के समीप कार की चपेट से घायल बाइक सवार को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कार व बाइक को कब्जे में ले लिया है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सेंदुरिया गांव निवासी नागेंद्र गुप्ता (25) बाइक से पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। पटहेरिया-पडरौना मार्ग पर गांव के नजदीक ही वह कार की चपेट में आ गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल नागेंद्र को सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया। वहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लेकर जाते समय रास्ते में ही नागेंद्र की मौत हो गई। एसओ पटहेरवा मृत्युंजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार व बाइक पुलिस के कब्जे में है।
बोलेरो की चपेट से बाइक सवार घायल
अहिरौली बाजार। पिपराइच-कप्तानगंज मार्ग पर विशुनपुर ईंट भट्ठे के समीप बोलेरो की चपेट से बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसको सीएचसी भेजा गया जहां से डॉक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव बनकटा निवासी दिलीप विश्वकर्मा (35) बाइक से पिपराइच से अपने घर जा रहे थे। पिपराइच-कप्तानगंज मार्ग पर सेंदुरिया विशुनपुर ईंट भठ्ठे के सामने कप्तानगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आ गए। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल को सीएचसी कप्तानगंज भेजा गया। सीएचसी के चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है।