लालाडीह गांव के पास मजदूर का शव रख कर घुघली-नौरंगिया मार्ग जाम करते परिजन व ग्रामीण।
- फोटो : KUSHINAGAR
करंट से मजदूर की मौत, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
पुलिस के आश्वासन पर माने लोग, तीन घंटे बाधित रहा आवागमन
पकड़ियार बाजार/कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के लालाडीह के पास वेल्डिंग की दुकान पर काम करने वाले मजदूर की रविवार को करंट लगने से मौत हो गई। थोड़ी देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क कर रख कर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस के आश्वासन पर लोग मान गए।
रामकोला क्षेत्र के सिंगहा गांव निवासी 21 वर्षीय मोनू पुत्र लालजी लालाडीह के पास वेल्डिंग की दुकान पर मजदूरी करता था। रविवार सुबह साढ़े नौ बजे दुकान पर पिकअप पर रखे लोहे का पाइप उतार रहा था। दुकान के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से पाइप स्पर्श कर जाने से वह करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दुकानदार फरार हो गया। उसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में पीड़ित परिजनन भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित परिजन मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। लोगों ने शव को सड़क पर रख कर घुघली-नौरंगिया मार्ग को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे जाम लगे होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। बाद में पुलिस की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद लोग मान गए,तब जाकर जाम हटा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।