कसया। गोपालगढ़ स्थित हंसराज मेमोरियल हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान सिपाही की पत्नी की मौत के मामले में मजिस्टि्रयल जांच रिपोर्ट पर निगाहें टिक गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। वहीं, परिजनों ने इलाज में लापरवाही, समय से रेफर न करने और एंबुलेंस का जीपीएस बंद रखने का आरोप लगाया है।
बलिया जिले के धनपलिया के प्रमोद यादव ने शनिवार को अपनी पत्नी अन्नू यादव को प्रसव पीड़ा होने पर हंसराज मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार, सीजर के बाद उपचार के दौरान अन्नू की हालत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही बरतने और स्थिति नाजुक होने के बावजूद दूसरे अस्पताल के लिए रेफर न करने का आरोप लगाया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच काफी देर तक विवाद और तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। परिजन आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। प्रशासन की ओर से गठित मजिस्ट्रेटियल टीम अस्पताल में उपचार के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया, चिकित्सकीय दस्तावेजों और अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह कार्डिएक अरेस्ट आने के बाद इस जांच की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। परिजनों के आरोपों की सत्यता जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।