लक्ष्मीपुर गांव में मृतक के घर पहुची कप्तानगंज पुलिस व लोगों की भीड़।
पडरौना। गोवा कमाने के लिए घर से निकले कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी एक युवक का शव गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मिला है। इसकी जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि श्रवण निषाद नाम का युवक गांव के ही रहने वाले कृष्णा पुत्र महेश और कुलदीप उर्फ बादल पुत्र नाथू के साथ 28 नवंबर की शाम को करीब 4:30 बजे गोरखपुर जंक्शन से गोवा जाने के लिए घर से निकला था। वह गोवा में पेंटिंग के कार्य से जा रहे थे। 29 नवंबर को श्रवण के बाकी दोनों साथी कृष्णा और कुलदीप रात के करीब एक बजे अपने घर लक्ष्मीपुर आ गए थे। श्रवण के बारे में पूछने पर उसके बारे में कुछ भी जानकारी न होने की बात कहे। बृहस्पतिवार की शाम करीब 7 बजे गोरखपुर जीआरपी से मृतक के भाई अजय के मोबाइल पर फोन आया कि उसका शव गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-9 के पास स्थित निर्माणाधीन पानी टंकी के पास मिला है। इसके बाद मृतक के घरवाले मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। शव के पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया और परिजनों ने शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।