मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के माघी कोठिलवा गांव से रविवार की सुबह घर से निकले युवक की गांव के ही दूसरे टोले पर दोपहर में गन्ने के खेत में शव मिला। पेड़ पर युवक का शर्ट बंधा था और नीचे गन्ने के खेत में शव पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। युवक अपने घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था।
माघी कोठिलवा गांव के ध्रुव सिंह टोला निवासी इब्राहिम का करीब 20 वर्षीय लड़का ग्यासुद्दीन के मोबाइल पर रविवार की सुबह करीब छह बजे किसी का फोन आया और वह घर से कहीं जाने के लिए निकल गया। दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत की सूचना मिली। मृतक की मां खुशबू नेशा और घरवाले मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर युवक जमीन पर मुंह के बल गिरा था। जबकि सागौन के पेड़ में उसका शर्ट बंधा पाया गया। आशंका है कि वह पेड़ से लटककर आत्महत्या की होगी।
पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों के अनुसार युवक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। गन्ने की पत्तियों से खरोंच के निशान थे। वहीं, शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए मृतक की मां साथ चली गई थी, लेकिन घर पर मौजूद उसकी बहन जरीना ने बताया कि उसके भाई का गांव के बगल के टोले की एक महिला से संबंध था। सुबह फोन करके उसे बुलाया गया और हत्या कर शव को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है। उसका आरोप है कि भाई की हत्या ही की गई है। कुछ दिन पहले उसके भाई की कुछ लोगों ने पिटाई भी की थी। इसलिए मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
चार दिन पहले घर आया था
मृतक युवक ग्यासुद्दीन पिछले सप्ताह सोमवार को बाहर कमाने गया था, लेकिन फिर दो दिन बाद बुधवार को वह वापस अपने घर लौट आया। घरवालों का कहना था कि जब भी बाहर जाता था तो उसे वह महिला बुलवा लेती थी। महिला से संबंध में ही युवक की हत्या की गई है।
घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था मृतक
मृतक ग्यासुद्दीन घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। दस वर्ष पहले उसके पिता इब्राहिम बाहर कमाने गए थे, लेकिन तभी से घर वापस नहीं आए। घर पर उसकी मां खुशबू नेशा और उसकी दो बहनें जरीना और करीना की परवरिश उसके ही जिम्मे थी। खेती भी नहीं है। युवक की मौत के बाद घर की आर्थिक स्थिति पर संकट मंडराने लगा है।
0000000
मोबाइल कॉल डिटेल से सच्चाई आएगी सामने
लोगों का कहना था कि अगर युवक ने आत्महत्या भी किया होगा तो क्या वजह होगी। अगर हत्या भी की गई है तो उसकी क्या वजह हो सकती है, यह सभी राज मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल से ही खुलेगा। मृतक व्हाट्सएप से किसके साथ चैटिंग करता था, वह भी सामने आ जाएगा। मृतक के मोबाइल को पुलिस कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
00000000
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के बारे में पता चलेगा, लेकिन प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या की बात सामने आ रही है।
-ओमप्रकाश तिवारी, इंस्पेक्टर
0000000
गंगेश्वर त्रिपाठी