पडरौना। शहर के बड़ी नहर में कानूनगो का शव मिलने से सोमवार को सनसनी फैल गई। इसकी खबर मिलते ही परिजनों के अलावा आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी है। चर्चा है कि विभागीय कार्यों के दबाव की वजह से वह तनाव में कुछ दिनों से थे, हालांकि घर वाले अभी कुछ बोलने से कतरा रहे हैं। इसकी जांच पुलिस कर रही है।
पडरौना तहसील के सिधुआं बांगर गांव निवासी चंद्रभान गुप्ता तमकुहीराज तहसील में कानूनगो पद पर कार्यरत थे। इनका तीन माह पहले पडरौना तहसील से तमकुहीराज स्थानांतरण हुआ था। रविवार की शाम को परिजनों से बिना कुछ बताए घर से निकले। देर रात तक वह घर नहीं आए तो परिजन तलाश करने लगे। लेकिन उनका पता नहीं चला, क्यों कि अपना मोबाइल घर छोड़कर निकले थे। सोमवार को सुबह को इनकी लाश शहर के बड़ी गंडक नदी में पुलिया के पास मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और शव की पहचान की। मौके पर पहुंचे लोगों में चर्चा थी कि वह विभागीय कार्य को लेकर तनाव में कुछ दिनों से चल रहे थे। हालांकि, घर वाले कुछ कहने से परहेज कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि कानूनगो की मौत कैसे हुई है। इसकी जांच की जा रही है।