बलियवा गांव के मुसहरी ओला के पास सड़क के किनारे मिला शव
पडरौना। चौराखास थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बलियवा टोला मुसहरी के पास मंगलवार को 35 वर्षीय युवक का शव मिला। वह बड़हरा-कोइलसवा मार्ग के किनारे पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह बलियवा गांव के लोग टहलने निकले थे। उन लोगों ने सड़क के किनारे युवक का शव देख पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंची चौराखास थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने ले गई और शिनाख्त कराने में लगी है। काफी प्रयास के बाद मृतक के बड़े भाई रामसेवक मंडल थाने पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान मोतीलाल मंडल (35) निवासी बलवा गांव थाना भोरे, जिला गोपालगंज, बिहार के रूप में की।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई मोतीलाल करीब 20 दिन पहले घर से बिना बताए कहीं चला गया था। वह बहन के घर रहकर मजदूरी करता था। उसकी शादी अभी नहीं हुई है।
चाैराखास के एसओ प्रमोद कुमार ने बताया कि बलियवा गांव के पास सड़क के किनारे बिहार प्रदेश के गोपालगंज के बलवा गांव निवासी मोतीलाल का शव मिला है। शव को पोस्टर्माटम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।