बिहार में मिला तीन दिन से लापता युवक का शव
पड़रौन मडुरही जिरात निवासी प्रमोद मंगलवार को हुआ था लापता
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में झरही नाले में उतराई मिली लाश
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो को देखकर घरवालों को मिली जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पडरौन मडुरही जिरात निवासी 35 वर्षीय युवक बीते मंगलवार से घर से लापता था। बृहस्पतिवार को उसका शव बिहार प्रांत के कटेया थाना क्षेत्र के झरही नाले में मिला था। शनिवार को नाले में बहते शव का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर घरवालों ने पहचान की। घरवाले कटेया चले गए हैं।
पडरौन मडुरही जिरात निवासी राधाकृष्ण गुप्ता का बड़ा पुत्र प्रमोद गुप्ता (35) मानसिक रूप से कमजोर था। दो बच्चों का पिता प्रमोद मंगलवार को घर से निकला लेकिन शाम तक नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कहीं पता नहीं चला तो विशुनपुरा पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी गई थी। बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में झरही नाले में बह रहे अज्ञात शव को बृहस्पतिवार को पुलिस ने निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बिहार पुलिस ने नाले में बहते शव का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया था। सोशल मीडिया पर इसे देखकर घरवालों ने पहचान की। परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों और माता पिता की चीख पुकार से अन्य लोगों को इसकी जानकारी हुई। शनिवार को परिजन कटेया थाना पहुंचे और वहां से जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर शव का अंतिम संस्कार किया गया।