युवक का अधजला शव मिला, दो पर हत्या का मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना/ साखोपार। कसया थाना क्षेत्र के जिगना गांव में शुक्रवार सुबह खेत में युवक का अधजला शव मिला। इस मामले में पुलिस ने दो पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
शुक्रवार की सुबह जिगिना गांव के कुछ लोग जोगीबीर बाबा स्थान की तरफ टहलने गए थे। लोगों ने एक खेत में देखा कि एक अधजला शव पड़ा हुआ है, जिसे कुत्ते नोच रहे हैं। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। युवक की पहचान कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सखवनिया बुजुर्ग के टोला बढ़याछापर निवासी नूर सलाम (22) के रूप में हुई। युवक के गले और हाथ पर कटे का निशान थे। उसके शव को पुआल में लपेटकर जलाने का प्रयास किया था। माना जा रहा है कि जलाकर युवक की पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी।
इस संबंध में एसपी धवल जायसवाल ने कहा कि पिता लियाकत की तहरीर पर सेखवनिया निवासी सरफुदीन व बडेरा निवासी बबलू कुशवाहा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।