छत के कुंडे से लटकता मिला युवक का शव
बोदरवार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गंगराई खास गांव में बुधवार सुबह एक घर में छत के कुंडे से 22 वर्षीय युवक का शव लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात गंगराई खास निवासी रामनाथ सिंह के परिवार के लोग भोजन करने के बाद सोने चले गए। भोर में बहू अंगिरा उठी तो कमरे से बाहर निकलकर दैनिक कार्यों में लग गई। इसी बीच उसका पति अजय सिंह साड़ी का फंदा छत के कुंडे में लगाकर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे में गए, तब तक अजय की मौत हो चुकी थी। कमरे में अजय का शव लटकता देख परिवार में कोहराम मच गया। अजय और अंगिरा की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व शादी हुई थी। सूचना पर पहुंचे मंसूरगंज चौकी इंचार्ज राजकुमार और कप्तानगंज थाने के एसओ मिथिलेश कुमार राय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का पता चलेगा। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है।