रामकोला। थाना क्षेत्र सौनहा गांव के नहर के किनारे गन्ने के खेत में युवक का शव बुधवार को मिला। उसके सिर और शरीर पर चोट था। पास में बाइक गिरी थी। घरवाले युवक की हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस दुर्घटना में युवक की मौत बता रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में दुर्घटना में मौत लग रही है।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के सनेरामल छपरा गांव का निवासी 19 वर्षीय सन्नी रक्षाबंधन के अवसर पर आई अपनी बहन को मंगलवार के दिन ससुराल छोड़ने रामकोला थाना क्षेत्र के धनौजी खास गांव गया था। वह घर नहीं पहुंचा था। बुधवार को उसका शव रामकोला थाना क्षेत्र के सौनहा गांव के पास नहर की पटरी के बगल में गन्ने के खेत में मिला। वहां बगल में उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हाल में पड़ी थी। उसके जूते इधर-उधर बिखरे थे। सिर में चोट का निशान था। दांत भी टूटे हुए थे। नीचे का होंठ कट गया था। सूचना मिलते ही रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में पता चला कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइकसवार इस युवक की मौत हुई है। सन्नी पांच बहनों और तीन भाइयों में छोटा था। सन्नी की मौत की खबर मिलते ही घरवालों में चीख पुकार मच गई। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।