जूस पिलाकर डीसीओ ने अनशन खत्म कराया।
- फोटो : अमर उजाला
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के परसौनी गांव में बृहस्पतिवार से चल रहा अनशन शुक्रवार को जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम के आश्वासन पर समाप्त हो गया। डीसीओ ने जुलाई के दूसरे सप्ताह तक संपूर्ण बकाया भुगतान समेत गन्ना विभाग से जुड़े मामलों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
भाजपा नेता मनोज पांडेय ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने, सूखा राहत राशि के वितरण में गड़बड़ी करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई और वंचित पात्रों को राहत उपलब्ध कराने, गन्ना मूल्य भुगतान के लिए किसानों के नाम बैंक से कर्ज दिलाने के मामले में जांच आदि की मांग को लेकर बृहस्पतिवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया था। बृहस्पतिवार देर शाम खड्डा के एसडीएम अरुण राय अनशन खत्म कराने पहुंचे थे। परंतु बात नहीं बनी तो शुक्रवार को जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम वहां पहुंचे।
डीसीओ ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान मद में पांच करोड़ की धनराशि जारी होने की बात कही। एक चीनी मिल के किसानों को बकाया भुगतान के लिए कर्जदार बनाए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति की रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई होगी। डीसीओ ने जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।इस दौरान वहां भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रमोद पांडेय, रामचंद्र पांडेय, विजय खेतान, अतुल मल्ल, राहुल, संजय मिश्र, राधेश्याम, जितेंद्र, गुड्डू पाल, संजय पाल, विंध्याचल गोंड, हेमंत पांडेय आदि मौजूद रहे।