कप्तानगंज। कुश्ाीनगर के कप्तानगंज क्षेत्र के गांव बोदरवार निवासी एक युवक की बृहस्पतिवार को साखोपार रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन की ठोकर लगने से मौत हो गई। इसके बाद शव की बरामदगी न होने से नाराज परिवार वालों ने शुक्रवार को लगभग आधे घंटे तक सड़क जाम किए रखा। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
बोदरवार निवासी लाला साहनी का पुत्र संदीप साहनी उम्र 22 वर्ष की बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे साखोपार रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन की ठोकर लगने से मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और काफी देर तक उसके शव की तलाश की, लेकिन शव का पता नहीं चला। मौके से युवक की बाइक तो बरामद हो गई, लेकिन शव की बरामदगी नहीं हो सकी। इसको लेकर परिवार के लोगों ने शुक्रवार को बोदरवार में कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग को लगभग आधा घंटा तक जाम किए रखा। इसकी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक रामानंद बौद्घ ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि पुलिस पर शव को बरामद करने के लिए पूरा दबाव बनाया जाएगा। उनके इस आश्वासन दिया के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।
इस संबंध में एसओ श्यामलाल यादव का कहना था कि नहर पर बने पुल के पिलर के पास से युवक की बाइक बरामद हुई है। जिस युवती ने दुर्घटना की सूचना दी थी, उसे थाने पर बुलाकर पूछताछ की जा रही है।