रामकोला थाना क्षेत्र के परवर पार में टावर पर महिला की चढ़न की सूचना पर जुटी भड़ी।
बेटी के इलाज में मदद की गुहार, टावर पर चढ़ी महिला
रामकोला। बेटी की तकलीफ से घबराकर इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लिए आशा शनिवार की सुबह सात बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर से कूदकर जान देने का एलान करती मां मौके पर जुटे लोगों से बेटी के इलाज में मदद की मिन्नतें करती रही। रामकोला पुलिस के इलाज का भरोसा देने पर करीब दो घंटे बाद वह टावर से उतरी।
परवारपार गांव के खटिक टोला के रहने वाले मूरत गांवों में घूमकर कबाड़ खरीदते हैं और उसे बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मूरत और आशा की नौ साल की बेटी गुड़िया के पैर में करीब छह महीने पहले स्कूल में चोट लग गई थी। मूरत और आशा गांव-कस्बे के निजी अस्पतालों में बिटिया का इलाज कराते रहे। कई बार एक्सरे जांच भी कराई गई लेकिन चोट स्पष्ट नहीं हो सकी और पैर में दर्द बना रहा। कुछ दिन पहले दर्द ज्यादा बढ़ने पर स्थानीय चिकित्सकों ने बताया कि पैर में सड़न शुरू हो गई है, इलाज के लिए लखनऊ ले जाने की सलाह दी।
रोटी-कपड़े के इंतजाम के लिए पल-पल जूझ रहे दंपती के लिए गुड़िया को इलाज के लिए लखनऊ ले जाना बड़ी चुनौती बन गई। पेट भरने की जद्दोजहद के बीच बेटी के भविष्य की चिंता ने मूरत और आशा को बेचैन कर दिया। मदद मिलने की कोई आस नहीं दिखी तो शनिवार को आशा मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बिटिया की तकलीफ और परिवार का संकट बताते हुए वह टावर से कूदकर जान देने की बात दोहराने लगी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई। जानकारी पर पहुंचे पति मूरत ने भी टावर पर चढ़कर आशा को समझाने का प्रयास किया। बिटिया के लिए आखिरी रास्ते पर चल पड़ी मां टावर से उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। मौके पर पहुंचे रामकोला के थानेदार चंद्रभान सिंह ने गुड़िया के इलाज में मदद का भरोसा देते हुए आशा को टावर से उतरवाया।
-
बेटी का दर्द देख टूट गई मां
बेटी के पैर में बढ़ती परेशानी और आर्थिक मजबूरी ने मां आशा को अंदर से तोड़ दिया है। पूर्व में ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर परिवार की मदद की थी लेकिन बीमारी बढ़ने के बाद बड़े अस्पताल में इलाज की जरूरत सामने आ गई तो चिंता विकराल हो गई। शनिवार सुबह इसी घबराहट में आशा टावर पर चढ़ गई। गांव के लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी तो डायल 112 और रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने आशा से बातचीत शुरू की और बच्ची के इलाज में यथासंभव मदद का भरोसा दिया।
रामकोला थाना क्षेत्र के परवर पार में टावर पर महिला की चढ़न की सूचना पर जुटी भड़ी।