तुर्कपट्टी। तुर्कपट्टी के गुप्तकालीन सूर्यमंदिर परिसर में रविवार की शाम आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 20 कन्याओं ने सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। लाल जोड़े में सजी बेटियां सिन्दूरदान के साथ ही अपने जीवनसाथी के संग गृहस्थ जीवन में प्रवेश कर गईं। सोमवार सुबह भावुक माहौल में बेटियों की विदाई हुई, जिसे देख हर आंख नम हो गई।
देर रात आयोजित भव्य समारोह में आचार्य बबलू मिश्र व सहयोगियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवयुगलों का विवाह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय और पडरौना विधायक मनीष जायसवाल उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के पुनीत कार्य समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्चा मानव धर्म है। उन्होंने कहा कि बेटियां प्रकृति का अनुपम उपहार हैं और उनके सुखमय जीवन के लिए किया गया हर प्रयास समाज को दिशा देता है।
केडी शाही जन जागृति संस्थान से जुड़े पदाधिकारियों सुधीर शाही, अजय कुमार गुप्ता व कंचन गुप्ता ने बताया कि पिछले 23 वर्षों से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है, जो समाज के सहयोग और आशीर्वाद से संभव हो पा रहा है। उन्होंने सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया।कार्यक्रम में मानवेंद्र त्रिपाठी एंड टीम ने लोक परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंगलगीत, सोहर और विदाई गीतों ने माहौल को भावुक बना दिया। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं व गणमान्य लोगों ने नवदंपतियों को आभूषण व गृहस्थी के सामान भेंट किए।