उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन के लिए अपलोड होगा शिक्षकों का डाटा
- शिक्षा विभाग ने कॉपी मूल्यांकन की तैयारी शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। यूपी बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद शिक्षा विभाग अब मूल्यांकन की तैयारी में जुट गया है। मूल्यांकन करने वाले परीक्षकों का डाटा अब बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड की तरफ से जारी निर्देश का अनुपालन करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के माध्यमिक स्कूलों के संचालकों को परीक्षकों का डाटा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया है।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से आयोजित बोर्ड परीक्षा मंगलवार को संपन्न हो गई। इसके लिए बोर्ड की तरफ से कुल 328 माध्यमिक विद्यालयों में से 172 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटर के 1,08,388 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। बोर्ड परीक्षा संपन्न होने के बाद शिक्षा विभाग अब बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन में तैनात होने वाले सभी शिक्षकों का डाटा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाना है। इसमें परीक्षकों के नाम के अलावा उनका पदनाम, शैक्षिक योग्यता समेत अन्य जानकारी 14 अप्रैल की रात 12 बजे तक बोर्ड की वेबसाइट पर हर हाल में अपलोड करना है।
इस संबंध में डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव की तरफ से पत्र मिला है। इसमें बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन के लिए तैनात होने वाले परीक्षकों का डाटा बोर्ड की वेबसाइट पर 14 अप्रैल की रात 12 बजे तक अपलोड करने का निर्देश है। इसके अनुपालन के लिए जिले में संचालित सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर दिया गया है। इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही क्षम्य नहीं है।