पुलिस ने प्रेमी को लिया हिरासत में, पंचायत के बाद राजी हुए घरवाले
रिश्तेदारी का रहने वाला है युवक, शिव मंदिर में प्रेमी जोड़े ने की शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। रिश्तेदारी के युवक के संपर्क में आई युवती इतनी करीब हो गई कि शादी करने की जिद पर अड़ गई। युवक के घरवालों ने इन्कार कर दिया। इसके बाद वह थाने पहुंच गई और बोली, इंस्पेक्टर साहब, शादी करा दो, नहीं तो मर जाऊंगी। पुलिस ने घंटों पंचायत के बाद आपसी रजामंदी से शिव मंदिर में दोनों की शादी करा दी।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती की सेवरही थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी है। रिश्तेदारी के युवक से युवती की मोबाइल पर पहले बात शुरू हुई। कुछ दिन बाद दोनों के बीच इतनी नजदीकियां बढ़ गईं कि शादी करने के लिए तैयार हो गए। इसकी चर्चा युवक ने की तो घरवाले नाराज हो गए और रिश्तेदारी का हवाला देते हुए शादी के लिए राजी नहीं हुए।
इसके बावजूद युवक और युवती एक दूसरे के घरवालों को बिना बताए मिलते थे। युवती दोपहर में थाने पहुंची और इंस्पेक्टर के सामने रोने लगी। हाथ जोड़कर बोली कि साहब शादी करा दो, युवक के घरवाले प्यार में बाधा बन रहे हैं।
पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और परिजनों को बुलाया। थाने पहुंचे दोनों पक्षों को पुलिस ने समझाया। इसके बाद शादी के लिए युवक के घरवाले तैयार हुए। रजामंदी से शादी का शपथपत्र थाने में देने के बाद देर शाम नगर के शिव मंदिर में युवक और युवती ने सात फेरे लिए।
तमकुहीराज थाने के इंस्पेक्टर नीरज कुमार राय ने बताया कि शिकायत के बाद युवक को हिरासत में लिया गया था। प्रेमी युगल बालिग हैं। घरवालों के बीच आपसी समझौते के बाद शादी हुई।