कप्तानगंज। भूसी लेकर मुरादाबाद जा रहा ट्रक शुक्रवार की भोर में आजाद चौक पर पलट गया। इससे ट्रक में बैठे दो हेल्पर जख्मी हो गए।
ट्रक के धक्के से 250 केवीए का एक ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर जाम लगा और कई मोहल्ले की बिजली गुल रही। बिहार से ट्रक पर भूसी लादकर चालक मुरादाबाद जा रहा था। कप्तानगंज के आजाद चौक के करीब पहुंचने पर ट्रक चालक को झपकी आ गई।
इससे चालक नियंत्रण खो बैठा और बगल में स्थित ट्रांसफॉर्मर से टकराकर ट्रक पलट गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। ट्रक में बैठे दो हेल्पर जो मुरादाबाद के रहने वाले थे, घायल हो गए। उधर तार और ट्रांसफॉर्मर सड़क पर गिर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज डीएन सिंह पहुंचे और घायल दोनों हेल्परों को सीएचसी में इलाज के लिए भेजा। करीब पांच घंटे तक ट्रक उसी हाल में पड़ा रहा।
बाद में ट्रक खाली कराकर क्रेन से हटवाया गया, जिससे आवागमन बहाल हुआ। बिजली विभाग के जेई राजकुमार ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठीक होने पर अभी तीन-चार दिन लग जाएंगे।