मेंहदावल में गैस के लिए जुटी भीड़। संवाद
- फोटो : Samvad
संतकबीरनगर/ मेंहदावल। रसोई गैस के लिए लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही है। एजेंसियों पर जाने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। मेंहदावल में गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ कम नहीं हो रही है। रोजाना सुबह पांच बजे से ही उपभोक्ताओं की भीड़ गैस एजेंसी पर पहुंच रही है। प्रतिदिन गैस सिलिंडर का वितरण होने के बाद भी भीड़ का कम न होना कर्मचारियों के लिए भी परेशानी का कारण बना हुआ है।
शिवांशु गैस सर्विस मेंहदावल पर लगातार उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ रही है। वितरण के लिए गैस सिलिंडर एजेंसी पर आ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग के अनुसार पहुंचे उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर का वितरण भी किया जा रहा है। उसके बावजूद गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ कम नहीं हो रही है। इससे कर्मचारी भी परेशान है। कर्मचारियों का कहना है कि अमेरिका-ईरान को देखते हुए लोग एजेंसी पर पहुंच रहे हैं।
गैस सिलिंडर को लेकर अफवाह के चलते भी भीड़ बढ़ रही है। एजेंसी पर भीड़ के चलते होम डिलीवरी करने में समस्या आ रही है। वहीं उपभोक्ता मनोज कुमार कसेरा, रामसमुझ यादव, नंदकिशोर, कौशल कुमार गुप्ता आदि लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी पर लगातार उपभोक्ताओं की भीड़ के कारण नगर क्षेत्र में स्थित उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी मिलने में दिक्कत हो रही है।
एजेंसी के कर्मचारियों को कस्बे में स्थित उपभोक्ताओं के घरों तक होम गैस सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे ऑनलाइन बुकिंग के बाद उन्हें गैस सिलेंडर लेने में परेशानी ना हो तथा भीड़ का हिस्सा ना बनें।
इसी तरह शिवांशु गैस सर्विस पर बुधवार को 1300 गैस सिलिंडर पहुंचा। उपभोक्ताओं की सुबह से ही भारी भीड़ थी। 1500 से 2000 की भीड़ के बीच गैस सिलिंडर का वितरण कर्मचारियों ने कराया। उसके बाद भी कुछ लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। करीब एक माह बीतने को है उक्त गैस एजेंसी पर प्रतिदिन गैस सिलिंडर की आपूर्ति आने के बाद भी उपभोक्ताओं में वितरण होने के बाद भी भीड़ कम नहीं हो रही है।