हाटा। लोक आस्था के छठ महापर्व पर पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। महिलाओं की संख्या अधिक रही। छठ पूजा को लेकर बाजार में सूप डाला, पूजा सामग्री, नारियल आदि की मांग अधिक रही। बृहस्पतिवार को भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य तथा शुक्रवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। नगर सहित ग्रामीण इलाकों में भी छठ घाटों की सफाई के साथ सजावट का काम पूरा हो गया है।
केन यूनियन चौराहा से गोरखपुर चौराहे तक पूजा सामग्री की दुकानों पर बुधवार को भीड़ लगी रही। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद जमकर खरीदारी हुई। टोकरी, सूप, नारियल, संतरा, नींबू, आंवला, गाजर शकरकंद, अनानास, नाशपाती, अमरूद और केला के अलावा माला, आरत का पत्ता, दीया-बाती और अगरबत्ती की खरीदारी की जा रही है। नगर पालिका की ओर से 62 घाटों पर सफाई और प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। अधिशासी अधिकारी मीनू सिंह ने बताया कि घठ घाटों पर साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है।