मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के सोनवल गांव में कुछ लोगों की तरफ से पुलिया का होल बंद कर देने से कई एकड़ फसल डूब गई है। कई बार शिकायत के बाद भी पुलिया के पास से मिट्टी नहीं हटाई गई। नाराज किसानों ने पूर्व ग्राम प्रधान महातम यादव की अगुवाई में बुधवार की शाम को प्रदर्शन कर तत्काल पुलिया के पास डाले गए मिट्टी को हटवाने की मांग की। किसानों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई है।
सोनवल गांव के दीवान टोली के पास पुलिया है, जिसके पास कुछ लोगों ने मिट्टी गिराकर उसके होल को बंद कर दिया है। कई बार किसानों ने पुलिया के पास से मिट्टी हटवाने की मांग की, लेकिन जिम्मेदार नहीं हटवा सके। शाम करीब पांच बजे किसानों ने प्रदर्शन कर शीघ्र पुलिया के पास से मिट्टी हटवाने की मांग की। पूर्व ग्राम प्रधान महातम यादव का कहना है कि पुलिया का होल बंद हो जाने से खेतों से पानी नहीं निकल रहा है, जिससे फसल जलमग्न हो गई है। शिकायत के बाद भी पुलिया के पास से मिट्टी नहीं हटाई गई। लगातार बारिश से फसल नुकसान हो सकता है। आरोप है कि पिछले वर्ष शिकायत पर पुलिस ने पुलिया पर हुए अवरोध को हटवाया था। किसानों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई है। इस दौरान खैरूल अंसारी, हनीफ अंसारी, रशीद अंसारी, महातम यादव, शैनुल्लाह, विनोद चौबे, जगदीश यादव, मोतीचंद यादव, जगदीश, शारदा यादव, रामधारी यादव आदि किसान मौजूद रहे।