मथौली। रगड़गंज-टेकुआटार मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान नरायपुर चरगहा गांव के पश्चिम बहने वाली ड्रेन पर पुरानी पुलिया को तोड़ नई पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था की लापरवाही से पुलिया का निर्माण अधूरा पड़ा है। निर्माणाधीन पुलिया के बगल में बनी अस्थायी सड़क भी बारिश के कारण टूट गई है। आवागमन बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
नरायपुर चरगहा गांव के पश्चिम बहने वाली ड्रेन पर पुराने पुलिया को तोड़कर नई पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। पुलिया के बगल में बनी अस्थायी सड़क से आवागमन हो रहा था। इधर, बारिश के कारण ड्रेन में पानी बहने से अस्थायी सड़क भी टूट गई है। इस कारण आवागमन बंद हो गया है। लोग आठ किमी का चक्कर लगाकर आ-जा रहे हैं। ग्राम प्रधान गंगा मद्धेशिया, बुन्ना प्रसाद, छोटे लाल कुशवाहा, अखिलेश सिंह, पिंटू यादव, विजय कुमार सिंह आदि ने बताया कि कार्यदायी संस्था पिछले छह माह से इस पुलिया का निर्माण करा रही है। बरसात पूर्व निर्माण पूरा होना था, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। बारिश के कारण अस्थायी सड़क टूट गई है और ड्रेन में पानी बह रहा है। इससे आवागमन पूरी तरह बंद है। इन लोगों ने शीघ्र पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।