जटहा बाजार। थाना क्षेत्र के गांव माघी कोठिलवा के टोला धूमनगर में रविवार की देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार की सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता के मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति, ससुर, सास व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
धूमनगर निवासी कन्हैया की शादी पांच वर्ष पहले बिहार प्रांत के भितहा थाना क्षेत्र के रुपही टांड गांव निवासी सिंघासन चौहान की बेटी राजकुमारी से हुई थी। कुछ दिन पहले मायके गई राजकुमारी को उसका पति तीन दिन पहले ही बुलाकर ले आया था। रविवार की देर रात राजकुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार की सुबह घरवाले अंतिम संस्कार में जुटे थे। इसी दौरान मायके पक्ष वाले पहुंचे और जटहां बाजार पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आते ही घरवाले शव छोड़कर फरार हो गए। जानकारी होने पर नायब तहसीलदार नरेश चंद्र भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कहा जा रहा है कि महिला के गले पर निशान थे।
महिला के पिता ने दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए जटहां बाजार थाने में तहरीर दी है। इनका आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए बेटी का उत्पीड़न किया जा रहा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति कन्हैया के अलावा ससुर, सास और ननद विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में जटहां बाजार के एसओ राणा राजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा।