गंभीर हालत में झुलसी महिला को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सेवरही थाना क्षेत्र के गौरी जगदीश में रविवार की सुबह एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। महिला को उसके परिवारवालों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
गौरी जगदीश गांव के पश्चिम टोला में नवमी पाल और उनके पड़ोसी से काफी दिनों से जमीन का विवाद है। नवमी पाल रोजगार के सिलसिले में मध्य प्रदेश में हैं। उनकी पत्नी इंदू और पुत्र घर पर थे। आरोप है कि शनिवार को उनके पड़ोसी विवादित जमीन पर पक्का निर्माण कराने लगे, जिसे रोकने का प्रयास किया गया लेकिन वे नहीं माने।
महिला ने थाने में तहरीर दी तो एसओ ने मौके पर जाकर दोनों पक्षों को समझाया। तय हुआ कि जमीन की पैमाइश कराकर निर्माण कराया जाएगा। लेकिन रविवार को सुबह तकरीबन नौ बजे दूसरे पक्ष के लोगों ने दोबारा निर्माण शुरू करा दिया।
इसका विरोध करने पर मारपीट होने लगी। नवमी की पत्नी इंदू ने अपने बयान में कहा कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने जबरदस्ती उन्हें पकड़ लिया और उनके ऊपर मिट्टी का तेल गिराकर आग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
परिवार के लोग उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस संबंध में एसओ सेवरही संजय राय ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद जांच कराकर केस दर्ज किया जाएगा।