कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के एक गांव में सोमवार की रात कुछ दोस्तों के साथ प्रेमिका से मिलने गए एक युवक को गांववालों ने चोर समझकर पीटा। युवक के साथी भागने में सफल रहे।
मंगलवार को गांव में पंचायत बुलाई गई। दोनों एक ही मजहब के होने के कारण उनकी शादी करा दी गई। इसी थानाक्षेत्र के एक युवक ने सोमवार की रात बगल के गांव की लड़की को गांव से बाहर एक धार्मिक स्थल पर बुलाया और खुद अपने कुछ साथियों के साथ जा पहुंचा। वहां रोशनी देख गांववालों को लगा कि वहां चोर आ गए हैं। गांववालों ने उस जगह को चारो ओर से घेर लिया।
वहां युवकों के साथ लड़की को देखकर लोग आपा खो बैठे और उनकी पिटाई शुरू कर दी। युवक के साथी तो भागने में सफल रहे, लेकिन युगल पकड़ लिए गए। अगले दिन मंगलवार को युवक के घरवालों को बुलाया गया। भरी पंचायत में ग्राम प्रधान की मौजूदगी में दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया गया। मंगलवार को ही दोनों को गृहस्थी की डोर में बांध दिया गया।
इस संबंध में नेबुआ नौरंगिया के एसओ शैलेश सिंह का कहना था कि घटना की जानकारी मिली है। गांव के लोगों ने पंचायत कर आपसी सूझबूझ से दोनों का विवाह करा दिया। शादी का प्रमाण पत्र और आयु प्रमाण पत्र मांगा गया है।