कप्तानगंज व रामकोला थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
- फोटो : अमर उजाला
कप्तानगंज/रामकोला। रामकोला थानाक्षेत्र अंतर्गत साहबगंज पुल के समीप सोमवार की भोर में लोगों ने छोटी गंडक नदी में दो शव बहता देखा।
ग्रामीणों की सूचना पर कप्तानगंज व रामकोला थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। शवों की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। सोमवार की भोर में कुछ लोग साहबगंज पुल के दक्षिण तरफ नदी के किनारे गए थे।
वहां उन्हें नदी में एक महिला का शव दिखा। कुछ देर बाद लोगों की नजर नदी के पूर्वी किनारे पर पड़े एक पुरुष के शव पर गई। गांव के लोगों ने शव मिलने की सूचना कप्तानगंज और रामकोला पुलिस को दी।
सुबह करीब साढ़े नौ बजे दोनों थानों की पुलिस नदी के किनारे पहुंच गई। घटना स्थल रामकोला थानाक्षे़त्र की सीमा में होने के कारण रामकोला पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवती के सिर पर चोट के कई निशान देखे गए, जबकि उसकी अंगुली में अंगूठी पड़ी थी। युवक भी किसी अच्छे परिवार से लग रहा था, उसके हाथ में घड़ी भी थी। युवक के पैंट में पर्स और रुमाल भी देखा गया। रामकोला एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि काफी प्रयास के बाद भी पहचान नहीं हो पाई है।