खड्डा। कस्बे के महाराणा प्रताप चौक पर स्थित बाइक एजेंसी के पीछे की दीवार में सेंध काटकर साढ़े चार लाख रुपये नकदी चोरी हो गए हैं। मंगलवार की सुबह जब कर्मचारियों ने एजेंसी का शटर उठाया तो अंदर की दीवार कटी देखकर वारदात की जानकारी हुई। बताया जाता है कि गाड़ी बेचकर काउंटर में ही कैश रखा हुआ था।
चौराहे पर आदित्य ऑटो मोबाइल्स नाम से एक बाइक एजेंसी है। एजेंसी मालिक अशोक कुशवाहा के अनुसार सोमवार को दिन में बिकीं गाड़ियों की रकम शाम को बैंक में जमा नहीं कराई गई थी। यह रकम एजेंसी के काउंटर में ही रख दी गई थी। मंगलवार की सुबह जब एजेंसी खुली तो पीछे की दीवार कटी देखकर कर्मचारियों ने एजेंसी मालिक को जानकारी दी। चोरों ने दराज में रखे साढ़े चार लाख रुपये चुरा लिए हैं। हालांकि, चोरों ने यहां रखे लैपटॉप, फोटो कॉपी मशीन और फुटकर पैसों को हाथ नहीं लगाया है। एजेंसी मालिक ने चोरी की वारदात की जानकारी खड्डा पुलिस को दे दी है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को ही कस्बे से दो बाइकें भी चोरी हो गई थीं। आएदिन चोरी की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं।