दुदही। बुधवार की शाम अपने खेताें से घर लौट रहे लोगों ने दुदही-चाफ माइनर पर कुछ संदिग्धों को देखकर गांववालों ने शोर मचाया और उसकी सूचना पुलिस को भी दी। एसओ ने गांववालों और पुलिस के जवानों के साथ मिलकर गन्ने के खेतों की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
गांव में पुलिस के कुछ जवान तैनात कर दिए गए हैं। वहीं गांव के लोग बदमाशों के आने की आशंका से रतजगा कर रहे हैं। विशुनपुरा थानाक्षेत्र के दुदही गांव के मइहरवा टोले के पास एक मदरसा है। उसके पीछे से दुदही-चाफ माइनर गुजरी है। गांव के लोगों का कहना था कि बुधवार की शाम तकरीबन साढ़े पांच बजे कुछ व्यक्ति अपने खेताें से घर आ रहे थे।
उन लोगों ने माइनर (नहर) पर वर्दी और काले लिबास में कुछ लोगों को देखा। बदमाशों के आने की आशंका से गांव में जाकर शोर मचाया। इसकी सूचना विशुनपुरा थाने पर दी गई।
विशुनपुरा एसओ तीस से अधिक जवानों के साथ पहुंचे। उन्हाेंने गांववालों के साथ मिलकर गन्ने के खेतों को खंगाला, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। एसओ विनय पाठक का कहना था कि लोग वहम में थे। उनकी सूचना पर गन्ने के खेताें की तलाशी ली गई, लेकिन कोई नहीं मिला। रात में दरोगा और कई सिपाही वहां ड्यूटी पर लगाए गए हैं। गांववाले बदमाशों के जैसे लिबास में उन व्यक्तियों के होने की बात कह रहे थे।