जमीन संबंधी विवाद में तहसील परिसर में एसडीएम कार्यालय के समक्ष सोमवार को परिवार के सदस्यों के साथ आत्मदाह की कोशिश किए जाने के मामले में दोनों पक्ष के लोगों के बीच सुलह करा दिया गया है। खड्डा पुलिस ने दोनों पक्ष के बीच आपसी सहमति से सुलह किए जाने का दावा किया है।
खड्डा थाना क्षेत्र के महदेवा गांव में घड़ारी के जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्ष के लोगों के बीच विवाद पैदा होने पर एक पक्ष ने थाने में न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस की तरफ से कोई कदम नहीं उठाए जाने से नाराज शिवनारायण व ज्ञान्ति ने अपने बच्चों के साथ तहसील परिसर में सोमवार को पहुंचकर मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह करने की कोशिश की थी।
हालांकि ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड्स ने आत्मदाह की कोशिश करने वालों को पकड़ लिया और बाद में इन लोगों को महिला पुलिस बुलाकर थाने लाया गया।
एसओ खड्डा श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि महदेवा के प्रधान और पुलिस के प्रयास से दोनों पक्ष के बीच आपसी सहमति से समझौता कराकर जमीन संबंधी विवाद का समाधान कर दिया गया है। इसके साथ विवाद खत्म हो गया है।
इस मामले में पुलिस ने मानवीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। महदेवा के प्रधान जितेन्द्र का कहना है कि दोनों पक्ष के लोगों को समझा बुझाकर समझौता करा दिया गया है।