कसया। थानाक्षेत्र के गोपालगढ़ गांव के महुअवा टोले में छत लगने के दौरान मिक्सिंग मशीन के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से संपर्क आने से मशीन में करंट प्रवाहित हो गया।
इस दौरान करंट की चपेट में मशीन को चला रहे एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिवार के लोगों की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर कसया थाने की पुलिस भवन स्वामी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
महुअवां के रहने वाले एक व्यक्ति के यहां शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे बजे छत लगाया जा रहा था कि अचानक मिक्सिंग मशीन का संपर्क ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार से हो गया। जिससे पूरी मशीन में करंट प्रवाहित हो गया। जिस कारण मशीन पर काम कर रहे कनखोरिया गांव निवासी राजनाथ तिवारी के बेटे विजय की मौत हो गई। जबकि एक अन्य मजदूर भी झुलस गया।
इस संबंध में एसओ विनय पाठक का कहना है कि विजय के परिवारवालों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर भवन स्वामी बिकाऊ सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। करंट की चपेट में आने से विजय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।