पडरौना। गांव की ही दो छात्राओं को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने एक दंपति को रोडवेज परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन दोनों के विरुद्ध मानव तस्करी के आरोप में केस दर्ज किया है।
एसपी दीपक कुमार भट्ट ने बताया कि नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के मिठहां माफी गांव से दो छात्राएं, जिनमें एक 10वीं और दूसरी 12वीं की छात्रा है, शुक्रवार को गायब हो गईं। परिवार के लोगों ने हर संभावित जगह तलाश करने के बाद पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस छात्राओं की तलाश में लगी थी कि शनिवार को किसी ने महिला पुलिस को सूचना दी कि दोनों लड़कियां पडरौना रोडवेज बस स्टैंड पर हैं। महिला थाने की एसओ विभा पांडेय पहुंचीं और उन्हें महिला थाने लेकर चली आईं।
पूछताछ में छात्राआें के साथ मौजूद दंपति में पति ने अपना नाम संजय शर्मा और महिला ने चिंता शर्मा बताया। पुलिस के पूछताछ करने पर उन दोनों ने स्वीकार किया वे गांव के ही रहने वाले हैं, लेकिन वर्तमान में मुंबई में रहते हैं। दोनों छात्राओं को बहला फुसलाकर गलत कार्य कराने के लिए मुुंबई ले जा रहे थे।
पुलिस ने छात्राओं के परिवारवालों को इसकी सूचना दी, जिस पर वे पहुंच गए और छात्राओं को पहचान लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी के आरोप में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।