बाइक को बचाने के चक्कर में डिवाइडर पर चढ़ कर पलट गई।
- फोटो : अमर उजाला
हाटा। सवारी लेकर हाटा से कसया जा रही सवारी जीप भड़कुलवा चौराहे के पास एक बाइक को बचाने के चक्कर में डिवाइडर पर चढ़ कर पलट गई। इस दुर्घटना में जीप चालक की मौके पर ही मौत हो गई और कई सवारियों को गंभीर चोट आई। घायलों में से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया।
शनिवार को हाटा बस स्टेशन से एक जीप सवारी लेकर कसया की ओर जा रही थी। जीप हाइवे पर स्थित भड़कुलवा चौराहे के पास पहुंची ही थी कि एक बाइक अचानक उसके सामने आ गई। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में जीप हाइवे के डिवाइडर पर चढ़ कर सड़क पर ही पलट गई। इस दुर्घटना में जीप क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में पैकौली गांव के रहने वाले जीप चालक संजीत लाल वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि जीप में बैठे पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को हाटा सीएचसी पहुंचाया गया। जहां मामूूली चोट वाले घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि घायलों में से पिपरा नायक गांव की रहने वाली 25 वर्षीया किरन देवी, 40 वर्षीया लालमती और 17 वर्षीय संदीप की हालत नाजुक होने के कारण हाटा सीएचसी से डॉक्टर ने गोरखपुर रेफर कर दिया।
इधर सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में हाटा कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि सूचना पर तुरंत पुलिस पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।