पटहेरवा। थानाक्षेत्र के पिपरा कनक गांव के बोधा टोला निवासी एक व्यक्ति ने अपने पिता, सौतेली मां और भाइयों पर घर का सामान बाहर फेंकने और विरोध करने पर मारने-पीटने और जलाने के लिए शरीर पर पेट्रोल छिड़कने का आरोप लगाया है। उसने थाने में आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पिपरा कनक गांव के बोधा टोला निवासी पीड़ित ने तहरीर में बताया है उसके पिता की दो शादियां हैं। एक पत्नी के दो पुत्र, जिनमें खुद शिकायतकर्ता और दूसरा एक अन्य भाई है। वे दोनाें भाई घर में सामान रखे हैं और रोजी रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
आरोप है कि 22 मार्च को सुबह तकरीबन आठ बजे घर पहुंचने पर देखा कि उसके पिता, सौतेली मां और उनके चार बेटों ने मिलकर दोनों भाइयाें का सामान बाहर फेंक दिया है।
यह भी आरोप है कि पूछे जाने पर उन लोगाें ने न केवल पीट दिया, बल्कि जलाने की नीयत से शिकायतकर्ता के शरीर पर पेट्रोल उड़ेल दिया। किसी तरह से भागकर उसने अपनी जान बचाई। इस संबंध में एसओ जितेंद्र यादव का कहना था कि इस मामले की जांच की जा रही है।