कसया। थानाक्षेत्र के डुमरी की रहने वाली महिलाओं का एक समूह बृहस्पतिवार को क्षेत्र के मनचलों से आजिज आकर थाने में पहुंचा। उनका आरोप था कि गांव की लड़कियां कुशीनगर स्थित विद्यालयों में पढ़ने के लिए जाती हैं। इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले गांव अनिरूद्धवा के कुछ मनचले फब्तियां कसते हैं।
इसके चलते कुछ लड़कियां विद्यालयों में जाना बंद कर दी हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर में डुमरी गांव की महिला कुसमावती देवी की अगुवाई में तारा गोंड, राधिका, सीमा, प्रभावती देवी, मनभावती देवी, गुड़िया, विमला, मीरा, कैलाशी देवी, रीना, गेयासी, किशनावती देवी थाने में पहुंचकर हंगामा करने लगीं।
उन्होंने एसओ को मनचलों के खिलाफ कार्रवाई के लिए ज्ञापन दीं। महिलाओं का आरोप है कि अनिरूद्धवा गांव के रहने वाले मनचले छात्राआें पर फब्तियां कसते हैं। अगर उनका कोई विरोध करता है तो उससे मारपीट करते हैं।
इसको लेकर गांव के लोगाें से पूर्व में दो बार मारपीट हो चुकी है। थाने पहुंची महिलाओं ने कहा कि अगर मनचलों को खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो, वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।
इस संबंध में एसओ ओपी राय का कहना है कि मामले में पुलिस की ओर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आया गया है और अन्य को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।