गांजा के साथ गिरफ्तार लोगों के बारे में जानकारी देते एसपी यमुना प्रसाद।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
पडरौना/कप्तागंज। सीओ खड्डा की अगुवाई में कप्तानगंज पुलिस और स्वाट टीम ने बुधवार सुबह करीब छह बजे कप्तानगंज कस्बे के आजाद चौक के पास धान की भूसी लदे ट्रक से 5.84 क्विंटल गांजा बरामद किया। दुस्साहसी ट्रक चालक ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया लेकिन, सतर्क पुलिस वालों ने खुद को बचाते हुए ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया।
ट्रक के साथ चल रही कार में बैठे तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये लोग उड़ीसा व छत्तीसगढ़ से धान की भूसी की आड़ में गांजे की तस्करी करते थे और मिर्जापुर से लेकर गोरखपुर मंडल समेत बिहार के कई जिलों में बेचते थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि खबर मिली कि गांजा तस्करों का अंतर्राज्यीय गिरोह जिले की सीमा से गोरखपुर जिले के पिपराइच कस्बे की तरफ जा रहा है। सीओ खड्डा नवीन कुमार की अगुवाई में एसओ कप्तानगंज श्यामलाल यादव और स्वाट टीम प्रभारी शैलेश कुमार सिंह फोर्स लेकर कप्तानगंज कस्बे के आजाद चौक पर पहुंचे। कुछ ही देर हाटा की तरफ से आ रहे ट्रक को रोका तो चालक ट्रक भगाने लगा।
पुलिस टीम ट्रक की चपेट में आते-आते बची। पुलिस ने इस ट्रक के अलावा इससे कुछ ही दूरी पर पीछे आ रही कार को भी रोक लिया। एसओ कप्तानगंज श्यामलाल यादव ने बताया कि ट्रक में धान की भूसी के बीच बोरे में गांजा रखा था। पकड़े गए लोगों ने बताया कि वे उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से ट्रक में धान की भूसी के बीच गांजा रख देते हैं।
रास्ते में मिर्जापुर, वाराणसी, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज और गोरखपुर के अलावा बिहार में भी कुछ जगहों पर भूसी उतारने के दौरान ही गांजा की भी सप्लाई कर देते हैं। पकड़े गए अभियुक्त मोहम्मद फैजान निवासी रसूलपुर हमील थाना मैनाठेर जिला मुरादाबाद, मनोज चौधरी निवासी पकड़ियार पूरबपट्टी थाना सेवरही और जितेंद्र गुप्ता निवासी मठिया श्रीराम थाना तरयासुजान के पास से 30 हजार रुपये भी मिले हैं। आरोपियों ने बताया कि ये रुपये दोहरीघाट में बिके गांजे के हैं। शेष गांजा पिपराइच के पास देना था। इस दौरान कप्तागनंज थाने के एसआई बब्बन सिंह, कांस्टेबल रामस्वरूप यादव, बृजेश यादव अरविंद तिवारी आदि मौजूद रहे।