खड्डा। कक्षा पांच की छात्रा के साथ रेप के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को वह विदेश भागने की फिराक में था। इस घटना के बाद हियुवा की ओर से हिंदू पंचायत करने की चेतावनी दिए जाने के बाद से गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
पीड़िता के घरवालों की तरफ से दी गई तहरीर में बताया गया था कि बृहस्पतिवार की रात शौच के लिए गई कक्षा पांच की छात्रा को आरोपी उठा ले गया था और दुष्कर्म किया था। घर आने पर पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद अगले दिन परिवारवालों ने खड्डा थाने में तहरीर दी थी। पुलिस तहरीर के आधार पर रेप और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही थी। पीड़िता को महिला पुलिस की अभिरक्षा में मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया था। निजामुद्दीन नाम के इस आरोपी को पुलिस ने रविवार को खड्डा-सिसवा मार्ग पर गुरली रमगढ़वा के पास गिरफ्तार कर लिया। खड्डा के एसओ श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी कुछ माह पहले ही विदेश से आया था और वारदात के बाद फिर विदेश भागने की फिराक में था। उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। इस गिरफ्तारी में एसओ के साथ एसआई गुरुपाल सिंह, अक्षयवर यादव सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। इससे पहले हियुवा ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर गांव में हिंदू पंचायत लगाने की चेतावनी दे दी थी, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
हियुवा ने रासुका लगाने की मांग की
खड्डा। हियुवा के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग के गांव पहुंचकर परिवार के लोगों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बैठक कर आरोपी पर रासुका लगाने की मांग को लेकर 27 जुलाई को गांव में पंचायत लगाने की चेतावनी दी।
हियुवा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह मुन्ना एवं जिला महामंत्री फूलबदन कुशवाहा के नेतृत्व में रविवार को हियुवा कार्यकर्ता पीड़िता के गांव पहुंचे और उसके माता-पिता से मिलकर आरोपी पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। परिवार के लोगों से मुलाकात के बाद हियुवा कार्यकर्ताओं ने गांव में ही बैठक की। इसमें आरोपी पर रासुका लगाने की मांग को लेकर गांव में ही 27 जुलाई को पंचायत लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में राजू गुप्ता, कुणाल राव, बैजनाथ गुप्ता, पवन राव, ब्रजभूषण, हरिओम, श्रीकान्त सहित अन्य लोग मौजूद रहे।